नीमच-झालावाड़ मार्ग पर तनाव: दुर्घटना के बाद एम्बुलेंस की देरी से भड़के ग्रामीण, बैसला रोड पर लगाया जाम

  नीमच
  डेस्क न्यूज़
  02 May, 2026
icon

रामपुरा (नीमच): दोपहर में हुए दर्दनाक सड़क हादसे के बाद अब क्षेत्र में आक्रोश पनप गया है। बैसला घाट पर तूफान गाड़ी पलटने से हुई दो मौतों और आठ लोगों के घायल होने की घटना ने शाम होते-होते उग्र रूप ले लिया है। स्वास्थ्य सेवाओं की कथित लापरवाही और राहत कार्यों में देरी से नाराज ग्रामीणों ने बैसला रोड पर चक्काजाम कर दिया है।
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद सूचना देने के बावजूद समय पर एम्बुलेंस नहीं पहुंची। यदि ग्रामीण अपने निजी वाहनों से घायलों को अस्पताल न ले जाते, तो स्थिति और भी भयावह हो सकती थी। ग्रामीणों में इस बात को लेकर भी गहरा रोष है कि इतने बड़े हादसे के बाद भी राहत और बचाव की पुख्ता व्यवस्था तुरंत सुनिश्चित नहीं की गई।

मौके पर पहुंचा प्रशासन
सड़क पर जाम लगने और बढ़ते तनाव की सूचना मिलते ही मनासा एसडीएम दल-बल के साथ मौके के लिए रवाना हो गई हैं। प्रदर्शनकारी ग्रामीणों की मांग है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम हों और 108 सेवा की जवाबदेही तय की जाए।

हादसे का संक्षिप्त विवरण
ज्ञात हो की आज शनिवार दोपहर सावन गांव से मन्नत कार्यक्रम कर लौट रहे अंतरालिया (भानपुरा) के श्रद्धालुओं की गाड़ी पलट गई थी। इस भीषण हादसे में भारत चौहान (45) और सोहन बाई (55) की मौत हो गई, जबकि 8 लोग घायल हुए हैं। घायलों में से 7 की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल, जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। प्रशासन ग्रामीणों को समझाने और यातायात बहाल करने का प्रयास कर रहा है।