शहाबुद्दीन बाबा का 131वां उर्स कव्वाली और ‘कुल’ की रस्म के साथ संपन्न, देशभर से पहुंचे जायरीन

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  25 April, 2026
icon

नीमच | मालवा–मेवाड़ क्षेत्र के प्रसिद्ध सूफी संत हजरत शहाबुद्दीन बाबा रह.अ. के 131वें राष्ट्रीय कौमी एकता चार दिवसीय उर्स का समापन शुक्रवार रात श्रद्धा, उल्लास और सूफियाना माहौल के बीच हुआ। दरगाह कमेटी, नीमच सिटी रोड के तत्वावधान में आयोजित इस उर्स में देशभर से बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए।
दरगाह कमेटी के सदर मुन्ना दुर्रानी ने बताया कि 24 अप्रैल को आयोजित मेहफिल-ए-शमा में शाम से देर रात तक कव्वाली का कार्यक्रम चला। इस दौरान चित्तौड़गढ़ के निसार एहसान चिश्ती और देवा शरीफ के कमर वारसी कव्वाल पार्टी ने सूफियाना कलामों की प्रस्तुति दी, जिस पर श्रद्धालु झूम उठे।
“हम तो ईद की तरह उर्स मनाते हैं…”, “बस अली का साथ…” और “मेरी कश्ती पर अली…” जैसे कलामों ने माहौल को रूहानी बना दिया।
उर्स में नीमच सहित मंदसौर, जावरा, रतलाम, इंदौर, निंबाहेड़ा, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, भीलवाड़ा और अजमेर से बड़ी संख्या में अकीदतमंद पहुंचे। जायरीन ने दरगाह पर चादर, इत्र, लोबान और फूल पेश कर देश में अमन-चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग द्वारा भी बाबा के आस्ताने पर चादर पेश की गई। वहीं सदर मुन्ना दुर्रानी के हज यात्रा पर जाने के उपलक्ष्य में हिदायतुल्ला खान सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उनका स्वागत व सम्मान किया।
समापन अवसर पर सूफी अल्लाह रखा, खजांची जाहिद कादरी, हामिद कादरी, आरिफ शेख, इम्तियाज, शाहरुख, आफताब, इकबाल कुरैशी, फरीद उर्फ मुन्नू, अनवर खान, बबलू, सलीम खान, हाफिज शोएब बरकाती, साबिर मास्टर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
उर्स का समापन ‘कुल’ की रस्म और विशेष दुआ के साथ हुआ, जिसमें देश की एकता, भाईचारे और शांति की कामना की गई।