नीमच में सड़क हादसा: डायल-112 टीम बनी जीवन रक्षक, घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया
नीमच। जिले के थाना नीमच सिटी क्षेत्र में गुरुवार रात एक सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को डायल-112 टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल पहुंचाकर मानवता का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार नीमच के तिरुपति रेस्टोरेंट के पास एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना रात करीब 8 बजे राज्य स्तरीय डायल 112 कंट्रोल रूम भोपाल को प्राप्त हुई।
सूचना मिलते ही थाना नीमच सिटी क्षेत्र में तैनात डायल-112 एफआरव्ही वाहन को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया। मौके पर पहुंचे प्रधान आरक्षक संतोष नारेड़ा एवं पायलट दीपचंद ने घायल की स्थिति को गंभीर देखते हुए बिना देरी किए उसे एफआरव्ही वाहन से जिला चिकित्सालय नीमच पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
डायल-112 टीम की तत्परता और संवेदनशीलता से एक बार फिर यह साबित हुआ है कि आपात स्थिति में पुलिस न केवल कानून व्यवस्था संभालती है, बल्कि जरूरतमंदों के लिए जीवन रक्षक भी बनती है।
