गौशाला में आग का तांडव: ट्रांसफॉर्मर से निकली चिंगारी ने उजाड़ा अंकुर उपवन
नीमच। मनासा क्षेत्र के ग्राम उचेड स्थित श्री कृष्ण केसरियानाथ गौसेवा जीवदया संस्थान गौशाला परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक अंकुर उपवन क्षेत्र में भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरा उपवन क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया।
घटना उस वक्त हुई जब गौपालक गायों को चराकर वापस गौशाला ला रहे थे। इसी दौरान परिसर में लगे बिजली विभाग के ट्रांसफॉर्मर में अचानक फॉल्ट हुआ और निकली चिंगारी ने सूखे पेड़-पौधों को आग के हवाले कर दिया। तेज हवा ने आग को और भड़का दिया, जिससे हालात बेकाबू होते नजर आए।
देखते ही देखते अंकुर उपवन में लगे कई पेड़-पौधे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इतना ही नहीं, पौधों की सिंचाई के लिए बिछाई गई ड्रिप लाइन और पाइप भी आग में जलकर नष्ट हो गए, जिससे गौशाला को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
आग की सूचना मिलते ही गौशाला समिति के सदस्य और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए आग बुझाने में जुट गए। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते आग पर नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो नुकसान और भी भयावह हो सकता था।
इस दौरान गौपालक बबलू गुर्जर, महेंद्र पाटीदार, जीवन भील, इशू नागदा, धन्नू नागदा, माधुलाल पाटीदार, रोशनलाल पाटीदार, लोकेश पाटीदार, शैलेन्द्र नागदा, दीपक सुथार, पंकज नागदा, कारूलाल पाटीदार, राधेश्याम नागदा और विनोद कछावा सहित कई ग्रामीणों ने सराहनीय भूमिका निभाई।
घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उन्होंने इस आगजनी के लिए बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराते हुए मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
