अक्षय तृतीया पर नीमच इस्कॉन में पहली बार चंदन यात्रा उत्सव, दिव्य दर्शन व तुलादान का आयोजन
नीमच। अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर ISKCON के श्री जगन्नाथ मंदिर, नीमच केंद्र में पहली बार भव्य चंदन यात्रा उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान जगन्नाथ जी का चंदन से विशेष श्रृंगार किया गया, जिससे श्रद्धालुओं को अत्यंत मनमोहक और दिव्य दर्शन प्राप्त हुए।
उत्सव के दौरान पूरे दिन भजन-कीर्तन, पूजा-अर्चना और प्रसाद वितरण का क्रम चलता रहा। बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।
इसी के साथ मंदिर परिसर में तुलादान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जो दिनभर चलता रहा। श्रद्धालुओं ने अन्न, वस्त्र और अन्य सामग्री के माध्यम से तुलादान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। विशेष रूप से भगवद गीता के साथ तुलादान का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा।
मंदिर प्रमुख रघुनाथ दास प्रसाद प्रभु ने बताया कि अक्षय तृतीया के इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य समाज में भक्ति, सेवा और दान की भावना को बढ़ावा देना है।
