नीमच सिटी में गूंजे जयकारे: 11 हजार आहुतियां, 11 बार हनुमान चालीसा पाठ के साथ भव्य धार्मिक आयोजन
नीमच। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नीमच सिटी में भक्ति और आस्था से ओतप्रोत भव्य धार्मिक आयोजन सम्पन्न हुआ। श्री टेड़ेश्वर महादेव मंदिर परिसर, खेड़ी मोहल्ला में आयोजित इस कार्यक्रम में छतरपुर से पधारे आदित्य महाराज के सान्निध्य में 11 हजार हवन आहुतियां एवं 11 बार हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ किया गया।
रविवार सुबह 9:30 बजे से प्रारंभ हुए इस आयोजन में बालाजी महाराज हनुमान जी के समक्ष विधिवत पूजन-अर्चन के साथ हवन किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर धर्मलाभ प्राप्त किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान “जय श्री राम” और “हनुमान जी महाराज की जय” के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजता रहा।
मित्र मंडल के सदस्य राजू वैद्य ने बताया कि यह आयोजन जगदगुरु रामभद्राचार्य जी महाराज एवं बागेश्वर धाम सरकार के शिष्य आदित्य महाराज (छतरपुर) के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। आयोजन का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक वातावरण को सुदृढ़ करना और भक्तों में आध्यात्मिक चेतना का संचार करना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं के लिए सभी व्यवस्थाएं निःशुल्क रखी गई थीं, जिससे हर वर्ग के लोग इसमें सहभागी बन सके।
आयोजन का सफल संचालन श्री टेड़ेश्वर महादेव मित्र मंडल, नीमच सिटी द्वारा किया गया। आयोजकों ने बताया कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा, आपसी सद्भाव और एकता को मजबूत करते हैं।
