रुद्राभिषेक, प्रतियोगिताएं और भव्य शोभायात्रा—बघाना में दिखी आस्था और एकता की मिसाल

  नीमच
  द वाॅचमेन पोस्ट
  20 April, 2026
icon

नीमच। राज राजेश्वर भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर अखिल ब्राह्मण समाज बघाना के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम रविवार को भव्य शोभायात्रा के साथ सम्पन्न हो गया। समापन अवसर पर निकली शोभायात्रा में समाजजनों की बड़ी संख्या ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समिति पदाधिकारियों के अनुसार 17 अप्रैल से प्रारंभ हुए इस आयोजन का शुभारंभ भगवान परशुराम के पूजन-अर्चन एवं महाआरती से हुआ। प्रथम दिवस शाम को बच्चों के लिए फैंसी ड्रेस, बैकेट एंड बॉल व वन मिनट गेम जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने उत्साह से हिस्सा लिया।

दूसरे दिन 18 अप्रैल को प्रातः परशुराम वाटिका में विद्वान पंडितों के सान्निध्य में महा रुद्राभिषेक का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्मलाभ अर्जित किया। शाम के सत्र में महिलाओं के लिए मेहंदी व चेयर रेस प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जो आकर्षण का केंद्र रहीं।

आयोजन के अंतिम दिन 19 अप्रैल को शाम 5 बजे नर्मदेश्वर जटाशंकर महादेव मंदिर (रेलवे फाटक) से भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई, जो बघाना के प्रमुख मार्गों से होती हुई परशुराम वाटिका, खेड़ापति बालाजी रोड पहुंची। यहां शोभायात्रा का समापन ब्राह्मण सम्मेलन में हुआ, जिसमें बाहर से पधारे विद्वान विप्रजनों ने अपने आशीर्वचन प्रदान किए।
सम्मेलन के दौरान समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान किया गया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम व द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया गया। पूरे आयोजन में समाजजनों का उत्साह देखते ही बना और कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ, जिसने सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का संदेश दिया।