रोटरी-मानव सेवा समिति की बड़ी पहल: दानदाताओं के सहयोग से जिला अस्पताल में 4 नई डायलिसिस मशीनें, अब 16 मशीनों से मिलेगी जीवनदायी राहत
नीमच। सेवा, संवेदना और सहयोग का जीवंत उदाहरण शुक्रवार को जिला चिकित्सालय में देखने को मिला, जब रोटरी क्लब नीमच, मानव सेवा समिति और दानदाताओं के संयुक्त प्रयास से डायलिसिस सेंटर को 4 नई मशीनों की सौगात मिली।
इस महत्वपूर्ण पहल के बाद अब अस्पताल में कुल डायलिसिस मशीनों की संख्या 12 से बढ़कर 16 हो गई है, जिससे किडनी रोगियों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। अब तक सीमित संसाधनों के कारण कई मरीजों को इंतजार करना पड़ता था, यहां तक कि हेपेटाइटिस बी और हेपेटाइटिस सी जैसे गंभीर संक्रमण से जूझ रहे मरीजों को भी मशीन उपलब्ध नहीं होने पर लौटना पड़ता था। लेकिन अब हालात बदलने की उम्मीद है।
डायलिसिस सेवाएं पहले सुबह 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक संचालित होती थीं, लेकिन मशीनों और स्टाफ में वृद्धि के बाद अब सेवाओं के विस्तार का रास्ता साफ हो गया है। वर्तमान में प्रतिदिन करीब 36 मरीजों को लाभ मिल रहा है, जबकि 85 मरीज रजिस्टर्ड हैं।
दानदाताओं का योगदान बना आधार स्तंभ:
इस पूरी पहल में समाज के दानदाताओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण रही। स्व. मांगीलाल भंसाली की पुण्य स्मृति में भंसाली परिवार ने 2 मशीनें भेंट कीं। स्व. लीलादेवी गोयल की स्मृति में गिरधारीलाल गोयल परिवार ने 1 मशीन दी। समाजसेवी विष्णु बिंदल (इंदौर) ने 1 मशीन का सहयोग किया।
इन योगदानों ने यह साबित कर दिया कि जब समाज आगे आता है, तो स्वास्थ्य जैसी बड़ी चुनौतियों का समाधान भी संभव हो जाता है।
रोटरी और मानव सेवा समिति की निर्णायक भूमिका:
रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3040 के ग्लोबल ग्रांट के तहत रोटरी क्लब नीमच और मानव सेवा समिति ने इस प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारा। “UNITE FOR GOOD” की थीम के साथ यह पहल सिर्फ मशीनों का विस्तार नहीं, बल्कि जीवन बचाने का संकल्प बनकर सामने आई है।
रोटरी डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सुशील मल्होत्रा ने कहा कि डायलिसिस मशीनों की यह वृद्धि सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि मानवीय सेवा का विस्तार है। हमारा उद्देश्य है कि कोई भी मरीज संसाधनों के अभाव में उपचार से वंचित न रहे।
संस्था के प्रकल्प संयोजक पुरुषोत्तम गुप्ता ने कहा कि रोटरी क्लब और मानव सेवा समिति ने मिलकर जो प्रयास किया है, वह समाज की ताकत को दर्शाता है। अब मरीजों को इंतजार कम करना पड़ेगा और अधिक लोगों को समय पर उपचार मिल सकेगा।
इस अवसर पर विधायक दिलीप सिंह परिहार ने कहा कि जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं का यह विस्तार सराहनीय है। दानदाताओं और संस्थाओं के सहयोग से क्षेत्र के मरीजों को बड़ा लाभ मिलेगा, जो वास्तव में जनसेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।
