दोस्तों के साथ निकला था… अगली दोपहर कुएं में मिला शव: ननिहाल आए युवक की रहस्यमयी मौत

  नीमच
  द वाॅचमेन पोस्ट
  16 April, 2026
icon

जीरन/नीमच। जीरन थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। एक सप्ताह से ननिहाल आए युवक का शव गुरुवार दोपहर कुएं में मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान आदित्यराज सिंह (पिता दिलीप सिंह चंद्रावत), निवासी ग्राम गरनाई, थाना नाहरगढ़ (जिला मंदसौर) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आदित्यराज अपने नाना गोविंद सिंह (सेवानिवृत्त लाइनमैन) के यहां गर्मी की छुट्टियां बिताने जीरन आया हुआ था।
बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल की रात करीब 8 बजे आदित्यराज घर से दोस्तों के साथ टहलने की बात कहकर निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब उसका मोबाइल फोन भी बंद आने लगा, तो रात में ही उसकी तलाश शुरू कर दी गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
गुरुवार दोपहर बड़ा खुलासा हुआ, जब तालाब किनारे स्थित फिल्टर प्लांट के सामने एक कुएं में युवक का शव दिखाई देने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही जीरन पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को कुएं से बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की शिनाख्त आदित्यराज के रूप में की।
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय नीमच भेज दिया है।
मौत के कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। युवक कुएं में कैसे गिरा—यह हादसा है, आत्महत्या है या फिर इसके पीछे कोई और वजह है, इन सभी पहलुओं पर पुलिस जांच कर रही है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और युवक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।