नीमच में पुस्तक दान अभियान शुरू: 10वीं-12वीं की किताबें होंगी निःशुल्क वितरित

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  16 April, 2026
icon

नीमच। पालक महासंघ मध्य प्रदेश, जिला इकाई नीमच एवं महिला विंग के बैनर तले पुस्तक दान अभियान शुरू किया जा रहा है। इस अभियान के तहत 10वीं और 12वीं कक्षा की उपयोग में आ चुकी पुस्तकों को एकत्रित कर जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को निःशुल्क वितरित किया जाएगा।
यह पहल हाल ही में आयोजित निःशुल्क कॉपियां, नोटबुक वितरण एवं बुक एक्सचेंज मेले की सफलता के बाद शुरू की गई है। एमपी बोर्ड के परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद अब विद्यार्थियों से अपील की गई है कि वे अपनी पुरानी किताबें रद्दी में बेचने के बजाय दान करें, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों को इसका लाभ मिल सके।
जिला मीडिया प्रभारी कपिल शुक्ला एवं महिला विंग मीडिया प्रभारी श्रीमती आशा सांभर ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जरूरतमंद छात्रों तक अध्ययन सामग्री पहुंचाना और उनके अभिभावकों पर आर्थिक बोझ कम करना है। सीबीएसई बोर्ड के विद्यार्थियों से भी किताबें दान करने की अपील की गई है।
पुस्तकें 20 अप्रैल 2026 से प्रतिदिन सुबह 9:00 से 11:00 बजे तक निर्धारित स्थानों पर जमा की जा सकेंगी। पुस्तकें जमा करते समय छात्र-छात्राओं को अपना नाम, कक्षा, विद्यालय, संकाय, पुस्तकों की संख्या एवं मोबाइल नंबर अंकित करना अनिवार्य होगा।
जिला अध्यक्ष जगदीश शर्मा के मार्गदर्शन में यह अभियान संचालित किया जाएगा। पालक संघ एवं महिला विंग के पदाधिकारियों के माध्यम से पुस्तकें एकत्रित कर उपलब्धता के अनुसार जरूरतमंद विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रदान की जाएंगी।
इस संबंध में जानकारी पालक संघ जिला सचिव श्रवण शर्मा “राज” द्वारा प्रेस नोट के माध्यम से दी गई है।