घर में अकेले थे… अचानक बिगड़ी तबीयत और थम गई सांस: 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत

  नीमच
  द वाॅचमेन पोस्ट
  12 April, 2026
icon

अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह हार्ट अटैक था या कोई और वजह? घर में अकेले होना भी बड़ा फैक्टर बनकर सामने आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अब इस मौत की असली वजह बताएगी।

नीमच। सिटी थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में रविवार सुबह एक 42 वर्षीय व्यक्ति की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह शक्तावत, पिता शंभू सिंह शक्तावत, निवासी इंदिरा नगर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय वे घर पर अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे पीहर गए हुए थे।
सुबह करीब 8 बजे उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी। हालात गंभीर होते देख भतीजे अभिषेक को सूचना दी गई, जो तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना देरी किए उन्हें जिला अस्पताल लेकर गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन हालत बेहद नाजुक होने के चलते कुछ ही देर में उनकी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और परिजन अस्पताल पहुंच गए। शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।