सादगी में रिश्तों का जश्न: 12 अप्रैल को इज्तिमाई निकाह, 11 जोड़े एक साथ बंधेंगे बंधन में

  नीमच
  द वॉचमेन पोस्ट
  11 April, 2026
icon

नीमच। सामाजिक समरसता और सादगी की मिसाल पेश करते हुए शहर में 12 अप्रैल को इज्तिमाई निकाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें 11 जोड़े एक साथ निकाह के पवित्र बंधन में बंधेंगे। यह आयोजन शैख़ सैय्यद पठान वेलफेयर सोसाइटी द्वारा चोपदार गार्डन, महावीर नगर रोड पर किया जा रहा है।
सोसाइटी के मीडिया प्रभारी आरिफ शैख़ के अनुसार, इस सामूहिक विवाह सम्मेलन को लेकर कमेटी के सदस्य लगातार तैयारियों में जुटे हुए हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित बनाने के लिए कमेटी द्वारा आयोजन स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान जिला कमेटी के अध्यक्ष सलीम खान और सम्मेलन कमेटी के अध्यक्ष हाजी बाबू भाई विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि इज्तिमाई निकाह समाज में फिजूलखर्ची पर रोक लगाने और जरूरतमंद परिवारों को सहारा देने का एक सकारात्मक प्रयास है।
कमेटी से जुड़े अन्य सदस्यों—जाहिद कादरी, यूनूस पठान, खजांची अलीमुद्दीन बाबर, हाशिम खान, हयात खान और बाबू भाई ठेकेदार—ने भी आयोजन को सफल बनाने का संकल्प दोहराया। उन्होंने इसे समाजहित का कार्य बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें भागीदारी की अपील की।
कमेटी ने शहरवासियों से अनुरोध किया है कि वे इस अवसर पर उपस्थित होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दें और इस सामाजिक पहल का हिस्सा बनें।