नीमच में मोगिया समाज को जाति प्रमाण पत्र में रोड़ा: आदेश के बावजूद भटक रहे लोग, भेदभाव के आरोप

  नीमच
  द वॉचमेन पोस्ट
  09 April, 2026
icon

 नीमच। जिले में मोगिया समाज के लोगों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने में गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
समाज के लोगों का आरोप है कि जहां प्रदेश के अन्य जिलों में प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है, वहीं नीमच में अनावश्यक अड़चनें खड़ी की जा रही हैं। जबकि मोगिया समाज को अनुसूचित जनजाति के अंतर्गत मान्यता प्राप्त है और इस संबंध में शासन व न्यायालय के स्पष्ट निर्देश भी जारी हैं।
आरोप है कि जिन परिवारों में पहले से माता-पिता और भाई-बहनों के जाति प्रमाण पत्र बने हुए हैं, उनके बच्चों को भी अब नए सिरे से जांच के नाम पर परेशान किया जा रहा है और फाइलों को लंबित रखा जा रहा है।
समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि ‘मोगिया’ और ‘मोघिया’ नाम के अंतर को आधार बनाकर पात्र लोगों को प्रमाण पत्र देने में बाधा डाली जा रही है, जिससे उन्हें शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इस पूरे मामले को लेकर समाजजन ने कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा है और मांग की है कि शासन व न्यायालय के आदेशों का पालन सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही, आदेशों की अवहेलना करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की भी मांग की गई है।
समाज ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।