हनुमान जन्मोत्सव पर आस्था का सागर उमड़ा, पिपली वाले बालाजी मंदिर में विशाल भंडारे ने रचा इतिहास

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  06 April, 2026
icon

नीमच। सिटी रोड स्थित रोडवेज डिपो परिसर में विराजमान श्री पिपली वाले बालाजी मंदिर पर हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर रविवार को दूसरा विशाल भंडारा भक्ति और उत्साह के माहौल में संपन्न हुआ। आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी, जहां भक्तों ने प्रसादी ग्रहण कर धर्म लाभ अर्जित किया।
मंदिर समिति के सदस्य अनिल तिवारी, विक्की प्रजापत एवं पियूष ग्वाला ने बताया कि श्री पिपली वाले बालाजी मंदिर पिछले 35 से 40 वर्षों से क्षेत्रवासियों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। करीब दो वर्ष पूर्व स्थानीय लोगों और युवाओं के सहयोग से मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार किया गया था। उस दौरान तीन दिवसीय धार्मिक आयोजन में कलश यात्रा, सुंदरकांड और रामायण पाठ के साथ शिखर स्थापना की गई थी, जिसमें भारी जनसमूह की सहभागिता रही।
इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी हनुमान जन्मोत्सव पर विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। भगवान बालाजी का आकर्षक श्रृंगार कर भव्य पूजन-अर्चन किया गया, वहीं हनुमान चालीसा और सुंदरकांड पाठ से पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
रविवार को आयोजित विशाल भंडारे में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं, जहां हर वर्ग और उम्र के लोगों ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन ने एक बार फिर यह साबित किया कि जब श्रद्धा और सेवा का संगम होता है, तो धार्मिक आयोजन जनआस्था का विराट स्वरूप ले लेते हैं।
समिति सदस्यों ने बताया कि मंदिर में प्रत्येक मंगलवार को युवाओं द्वारा संगीतमय सुंदरकांड का नियमित पाठ किया जाता है, जो क्षेत्र में भक्ति की अलख जगा रहा है। आयोजन की सफलता पर मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों और सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।