51 साल की परंपरा का भव्य निर्वहन, हनुमान जन्मोत्सव पर निकला विराट चल समारोह, माधोपुरी बालाजी से निकली शोभायात्रा, अखाड़े के करतब और युवाओं के जोश ने बांधा समां
नीमच। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर शहर में वर्षों पुरानी परंपरा का भव्य निर्वहन किया गया। माधोपुरी बालाजी अखाड़ा एवं बजरंग व्यायाम शाला के संयुक्त तत्वाधान में 51 वर्षों से चली आ रही परंपरा के तहत शुक्रवार को विशाल चल समारोह एवं अखाड़ा निकाला गया।
चल समारोह माधोपुरी बालाजी मंदिर से प्रारंभ होकर फव्वारा चौक, कमल चौक, भारत माता चौराहा, पुस्तक बाजार, तिलक मार्ग, घंटाघर, नया बाजार और बारादरी सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंचा, जहां समापन हुआ।
यात्रा के दौरान अखाड़े के पहलवानों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों का मन मोह लिया। वहीं डीजे की धुन पर युवा हाथों में ध्वज लहराते हुए उत्साह के साथ झूमते नजर आए। चल समारोह में भगवान श्री हनुमान जी की आकर्षक झांकी भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
आयोजकों ने बताया कि बजरंग व्यायामशाला द्वारा यह आयोजन पिछले 51 वर्षों से निरंतर किया जा रहा है और इस बार भी पूरे शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से कार्यक्रम संपन्न हुआ। आयोजन में पुलिस प्रशासन का भी सराहनीय सहयोग रहा।
समापन पर मंदिर परिसर में भगवान की आरती की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
