जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा नीमच! हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य ध्वज यात्रा, डीजे-ढोल और झांकियों ने बढ़ाया उत्साह, 4 दिवसीय महाआयोजन की हुई शुरुआत
नीमच। शहर में श्री हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। विश्व हिंदू परिषद द्वारा संचालित श्री गोधाम बालाजी मंदिर में चार दिवसीय आयोजन की शुरुआत सोमवार को भव्य ध्वज यात्रा के साथ हुई।
ध्वज यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए, जो डीजे और ढोल की थाप पर जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाते हुए झूमते नजर आए। यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली और अंत में मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान झांकियां और भक्ति गीत आकर्षण का केंद्र रहे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने बताया कि आयोजन के तहत 31 मार्च को शाम 7:15 बजे भव्य भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें प्रतापगढ़ के भजन गायक नवीन वैष्णव अपनी प्रस्तुति देंगे।
1 अप्रैल को रात्रि 2 बजे से सुंदरकांड और हनुमान चालीसा पाठ, सुबह 9:15 बजे अभिषेक और दोपहर 12:15 बजे यज्ञ का आयोजन किया जाएगा।
वहीं 2 अप्रैल को सुबह 6 बजे जन्म महाआरती, 7 बजे सप्तकुंडी यज्ञ और शाम 7 बजे महाआरती के साथ 71 किलो मिल्क केक और बूंदी के लड्डुओं का भोग अर्पित किया जाएगा। इस दौरान आतिशबाजी और रात में संगीतमय सुंदरकांड पाठ भी होगा।
चार दिवसीय इस आयोजन ने शहर को पूरी तरह भक्तिमय रंग में रंग दिया है।
