शहादत दिवस पर गूंजा देशभक्ति का जज्बा—नीमच में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि
नीमच। शहादत दिवस पर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने मिलकर वीर क्रांतिकारी शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। कृति, सीटू, संकल्प पर्यावरण मित्र संस्था और सुभाष सेना के संयुक्त तत्वावधान में विजय टॉकीज चौराहा स्थित शहीद वाटिका परिसर में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव थापर और शिवराम राजगुरु की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर की गई। इसके बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने शहीदों के जीवन और उनके अद्वितीय बलिदान को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि देश की आजादी के लिए इन वीर सपूतों ने हंसते-हंसते अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। उन्होंने ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ साहसिक संघर्ष करते हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई और देशवासियों में स्वतंत्रता की लौ जगाई।
इस दौरान हेमू कालानी, अवतार सिंह पाश और हरकिशन सिंह सुरजीत को भी याद किया गया और उनके योगदान को नमन किया गया।
गोष्ठी में विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों और समाजसेवियों ने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपनाएं और देशहित में कार्य करें।
कार्यक्रम में किशोर जवेरिया, इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल, शैलेन्द्र सिंह ठाकुर, किशोर बागड़ी, जगदीश शर्मा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अंत में सभी ने शहीदों को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।
