भव्य वाहन रैली से गूंजा नीमच: श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई राजा टोडरमल की 425वीं जयंत, भक्ति, संस्कृति और एकता का संगम—रैली, भजन संध्या और फाग उत्सव में उमड़ा पोरवाल समाज
नीमच। पोरवाल समाज के आराध्य पुरुष राजा टोडरमल की 425वीं जयंती शहर में पूरे श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। पोरवाल समाज समिति, नीमच के तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय इस भव्य आयोजन में समाजजनों की बड़ी संख्या में सहभागिता देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम में भक्ति, संस्कृति और सामाजिक एकता की अनूठी झलक नजर आई।
कार्यक्रम की शुरुआत टोडरमल चौक पर महाआरती से हुई, जहां समाज के वरिष्ठजन, महिलाएं और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इसके पश्चात भव्य वाहन रैली का शुभारंभ किया गया। यह रैली शहर के प्रमुख मार्गों—टीवीएस चौराहा, गायत्री मंदिर रोड, कमल चौक, फव्वारा चौक, नया बाजार, घंटाघर, पुस्तक बाजार और विजय टॉकीज चौराहा होते हुए रोटरी सामुदायिक भवन पहुंची। रैली के दौरान पूरे शहर में उत्साह और धार्मिक वातावरण देखने को मिला।
रोटरी सामुदायिक भवन में आयोजित भजन संध्या ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। इसके साथ ही फाग महोत्सव और होली मिलन समारोह में रंग-गुलाल के बीच समाजजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कई व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई, जो समाज की एकजुटता का प्रतीक रहा।
इससे पूर्व जयंती के पहले दिन मिथिलेश जी नागर के सानिध्य में सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिसने पूरे कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया।
कार्यक्रम की सफलता में समाज के अध्यक्ष शांतिलाल गुप्ता, सचिव प्रेमनाथ गुप्ता सहित अन्य पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल ने बताया कि इस वर्ष जयंती को विशेष रूप से दो दिवसीय भव्य आयोजन के रूप में मनाया गया।
