नीमच मंडी में तौल को लेकर बवाल, एक क्विंटल कम निकला गेहूं तो भड़के किसान, धांधली के आरोप

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  13 March, 2026
icon

नीमच। शहर की नई कृषि उपज मंडी में गुरुवार दोपहर उस समय हंगामे की स्थिति बन गई जब एक किसान की गेहूं की उपज में करीब एक क्विंटल वजन कम निकलने का मामला सामने आया। घटना के बाद किसानों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मंडी परिसर में विरोध प्रदर्शन करते हुए व्यापारी और हम्मालों पर मिलीभगत कर तौल में गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।

जानकारी के अनुसार सिंगोली क्षेत्र के किसान खालिद नीलगर अपनी गेहूं की उपज लेकर मंडी पहुंचे थे। किसान के मुताबिक घर से लाते समय गेहूं का वजन 34 क्विंटल 97 किलो था, लेकिन व्यापारी के हम्मालों द्वारा तौल करने पर यह केवल 33 क्विंटल 98 किलो निकला। करीब एक क्विंटल का अंतर सामने आने पर किसान ने तौल में धांधली का आरोप लगाते हुए विरोध जताया।

मामले की खबर फैलते ही मंडी में मौजूद अन्य किसान भी एकत्रित हो गए और उन्होंने मयंक ट्रेडर्स सहित मंडी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। किसानों का आरोप है कि व्यापारी और हम्मालों की मिलीभगत से करीब एक क्विंटल गेहूं गायब कर उसे चतुराई से अन्य किसानों के ढेर में मिला दिया गया। किसानों ने व्यापारियों पर नीलामी के बाद प्रति कट्टा 9 रुपये की अवैध वसूली और पाला काटने के नाम पर मनमानी करने के भी गंभीर आरोप लगाए।

विवाद बढ़ता देख मंडी निरीक्षक समीर दास मौके पर पहुंचे और किसानों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद किसानों ने मंडी सचिव उमेश बसेडिया को शिकायत ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि प्रभावित किसानों की उपज का सरकारी कांटे पर दोबारा तौल कराया जाए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।

शिकायत के बाद मंडी प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए निगरानी में दोबारा तौल की प्रक्रिया शुरू करवा दी है। मंडी अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और यदि किसी प्रकार की धांधली सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।