करंट की चिंगारी बनी किसानों की तबाही! नीमच में 150 बीघा गेहूं की फसल राख, बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप

  नीमच
  द वॉचमेन पोस्ट
  12 March, 2026
icon

नीमच। जिले के चोथखेड़ा और जमुनिया के बीच फोरलेन हाईवे से सटे खेतों में गुरुवार दोपहर अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 100 से 150 बीघा में खड़ी गेहूं की तैयार फसल जलकर राख हो गई। किसानों के अनुसार आग की वजह बिजली लाइन में हुए शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।

घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। खेतों में काम कर रहे किसान आग की लपटें देख बदहवास हो उठे और किसी तरह बचाव में जुटे, लेकिन तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलती चली गई और साल भर की मेहनत कुछ ही मिनटों में राख में तब्दील हो गई।

पीड़ित किसानों घीसालाल मालवीय, सुशील नागौरी, नवीन नागौरी और राकेश गुर्जर सहित अन्य किसानों ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि खेतों के ऊपर से गुजर रही बिजली की लाइनें काफी नीची लटक रही हैं, जिसकी शिकायत कई बार विभाग को की गई, लेकिन जिम्मेदारों ने ध्यान नहीं दिया। किसानों के मुताबिक इसी लापरवाही के कारण शॉर्ट सर्किट हुआ और आग भड़क गई।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 4 से 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई। वहीं तहसीलदार, पटवारी सहित प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।


हालांकि किसानों का आरोप है कि अब तक न तो नुकसान का सही पंचनामा बनाया गया है और न ही मुआवजे को लेकर कोई स्पष्ट आश्वासन मिला है।
अपनी आंखों के सामने खाक हुई फसल को देखकर किसान गहरे सदमे में हैं। पीड़ित किसानों ने सरकार और प्रशासन से तत्काल सर्वे कर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि वे इस भारी आर्थिक नुकसान से उबर सकें।