जावद में बज्मे कादरी फाउंडेशन का रोजा इफ्तार, शहर काजी ने मांगी अमन-चैन की दुआ

  जावद
  न्यूज डेस्क
  12 March, 2026
icon

जावद। पवित्र रमज़ान माह के अवसर पर बज्मे कादरी फाउंडेशन द्वारा हुसैनी मस्जिद, नीमच दरवाजा जावद में रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम पीर-ए-तरीकत हज़रत सैयद मोहम्मद आक़ील अख्तरुल कादरी साहब अलयहिर्रहमा की रूहानी सरपरस्ती में आयोजित हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में रोजेदारों और मुस्लिम धर्मावलंबियों ने भाग लिया।

जानकारी के अनुसार मौला-ए-कायनात की शहादत की याद में रमज़ान की 21वीं तारीख को हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी इफ्तार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जावद शहर काजी सैयद मोहम्मद आदिल कादरी ने सभी रोजेदारों के साथ देश में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए दुआ मांगी।

बताया गया कि जावद नगर के पूर्व शहर काजी मरहूम सैयद मोहम्मद आक़ील अख्तरुल कादरी साहब का इंतकाल भी उर्दू माह की 21 तारीख को हुआ था। इसी कारण इस्लामी महीने की हर 21 तारीख को हुसैनी मस्जिद में नमाज़-ए-इशा के बाद तकरीर का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है।

इफ्तार कार्यक्रम में मौजूद समाजजनों ने कहा कि जिस तरह जावद के लोग पूर्व शहर काजी मरहूम सैयद मोहम्मद आक़ील अख्तरुल कादरी साहब से मोहब्बत करते थे, उसी तरह वर्तमान शहर काजी सैयद आदिल कादरी साहब से भी करते हैं और यह मोहब्बत आगे भी कायम रहेगी।

कार्यक्रम को सफल बनाने में आस्ताना-ए-कादरी फाउंडेशन के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। उक्त जानकारी मीडिया प्रभारी हबीब राही द्वारा दी गई।