महिला दिवस पर जावद में ‘गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ का आयोजन, नारी सम्मान और सशक्तिकरण पर हुआ मंथन
जावद। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर जावद में अखिल भारतीय तेरापंथ महिला मंडल द्वारा ‘गृहलक्ष्मी स्वाभिमान अभियान’ (एनजीओ मीट) का भव्य और प्रेरणादायक आयोजन किया गया। स्थानीय तेरापंथ भवन में आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति का सम्मान, महिला सशक्तिकरण और समाज सेवा में महिलाओं की भूमिका को उजागर करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अर्चना गोखरू द्वारा प्रस्तुत मंगलाचरण से हुई, जिससे वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद कार्यकारिणी सदस्यों ने प्रेरणा गीत प्रस्तुत कर उपस्थित मातृशक्ति में नई ऊर्जा का संचार किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए ममता बीकानेरिया ने समाज में महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर माहेश्वरी महिला मंडल की पूर्व जिलाध्यक्ष अर्चना सारडा ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में महिलाओं को एकजुट रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने महिलाओं को ममता और त्याग की अपार शक्ति दी है, जिसे मर्यादा और सही दिशा में उपयोग करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि ‘नारी से नारी न जले’, बल्कि एक-दूसरे का सम्मान और सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बेटियों और बहुओं को घर में समान सम्मान देने की बात कहते हुए कहा कि सफलता के साथ-साथ पारिवारिक संस्कारों का संतुलन बनाए रखना भी बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम में नगर के विभिन्न समाजों और संस्थाओं की महिला पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें माहेश्वरी महिला मंडल की अध्यक्ष संगीता काबरा व सचिव ममता झंवर, श्वेतांबर मूर्तिपूजक समाज से कीर्ति तलेसरा व वर्षा खीमेसरा, दिगंबर मूर्तिपूजक समाज से संगीता पाटनी व सुनीता बगड़िया, अग्रवाल महिला मंडल से पुष्पा अग्रवाल व अनीता अग्रवाल, वैश्य समाज से अर्चना सारडा व सुनीता मुछाल, सोनी समाज अध्यक्ष रेखा सोनी व सचिव किरण सोनी, जैन सोशल ग्रुप से पिंकी लोढ़ा व जया बडोला तथा भारत विकास परिषद से डॉ. रचना सिंहल व आशा सारडा प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं।
समारोह के दौरान मंडल की वरिष्ठ श्राविका शकुंतला बीकानेरिया को उनके योगदान के लिए ‘प्रेरणा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। साथ ही संस्था के कार्यों को नमन करते हुए वर्ष 1990 से अब तक अध्यक्ष रहीं सभी बहनों, मंडल की उपासिका बहनों और अन्य समाजों से पधारी अतिथि महिलाओं का शॉल ओढ़ाकर आत्मीय सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का संचालन निर्मला मेहता और रश्मि सुनील गोयल ने किया। अंत में तेरापंथ महिला मंडल की मंत्री ज्योति गोयल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों और उपस्थित मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।
