महंगाई का एक और झटका! नीमच में रसोई गैस 60 रुपए महंगी, 980 रुपए पहुंचा सिलेंडर, सिलेंडर भी 115 रुपए महंगा; मिडिल ईस्ट तनाव का असर
नीमच। महंगाई के दौर में आम लोगों को एक और बड़ा झटका लगा है। तेल कंपनियों ने रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। बढ़ी हुई कीमतें शनिवार से लागू हो गई हैं।
इसका सीधा असर नीमच जिले के उपभोक्ताओं पर भी पड़ा है।
नीमच में अब 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 60 रुपए बढ़कर करीब 980 रुपए हो गई है। इससे पहले तक शहर में सिलेंडर लगभग 930 रुपए में मिल रहा था। अचानक बढ़े दामों से मध्यम वर्गीय परिवारों का रसोई बजट बिगड़ गया है।
जानकारी के मुताबिक तेल कंपनियों ने घरेलू गैस के साथ-साथ कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर के दाम भी बढ़ाए हैं। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 115 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई है। इसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और फूड बिजनेस पर पड़ने की संभावना है।
द वॉचमेन पोस्ट ने नीमच की श्याम गैस एजेंसी से चर्चा की उनके मुताबिक तेल कंपनियों द्वारा जारी नए रेट शनिवार से लागू हो गए हैं। एजेंसी का कहना है कि “कंपनियों की ओर से दामों में करीब 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जिसके बाद नीमच में घरेलू सिलेंडर लगभग 980 रुपए के आसपास पहुंच गया है।”
अंतरराष्ट्रीय हालात का असर
बताया जा रहा है कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और गैस सप्लाई पर पड़ रहे असर के चलते यह बढ़ोतरी की गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत की बड़ी मात्रा में गैस सप्लाई होर्मुज जलडमरूमध्य के रास्ते आती है और वहां की स्थिति को देखते हुए कंपनियों ने एहतियातन कीमतें बढ़ाई हैं।
फिलहाल गैस के दाम बढ़ने से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ छोटे व्यापारियों और होटल कारोबारियों की चिंता भी बढ़ गई है। वहीं विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात लंबे समय तक तनावपूर्ण रहे तो आने वाले समय में गैस की कीमतों में और बढ़ोतरी से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
