असम में सुखोई-30 फाइटर जेट क्रैश, दो जांबाज पायलट शहीद

  नई दिल्ली
  न्यूज डेस्क
  06 March, 2026
icon

नई दिल्ली। असम से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भारतीय वायुसेना का शक्तिशाली सुखोई-30 एमकेआई फाइटर जेट ट्रेनिंग मिशन के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में देश ने अपने दो बहादुर पायलट, स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पुरवेश दुरागकर को खो दिया।

जानकारी के अनुसार फाइटर जेट ने गुरुवार को नियमित प्रशिक्षण उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान असम के कार्बी आंगलोंग जिले के पहाड़ी और घने जंगल वाले इलाके के ऊपर अचानक विमान का ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूट गया। इसके बाद भारतीय वायुसेना की ओर से तुरंत सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।

इलाका दुर्गम और घने जंगलों से घिरा होने के कारण खोज अभियान में काफी दिक्कतें आईं। बाद में पहाड़ी क्षेत्र में विमान का मलबा मिला, जिसके बाद दोनों पायलटों के शहीद होने की पुष्टि हुई।

भारतीय वायुसेना ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए दोनों वीर पायलटों के परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की है। सुखोई-30 एमकेआई को वायुसेना की रीढ़ माना जाता है, ऐसे आधुनिक लड़ाकू विमान का हादसे का शिकार होना चिंता का विषय माना जा रहा है। यह क्षति केवल वायुसेना की ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए अपूरणीय नुकसान है।