कुकड़ेश्वर-मनासा मार्ग पर दर्दनाक हादसा: XUV की टक्कर से दो युवकों की मौत, गांव में शोक की लहर, किसी सरकारी अधिकारी का वाहन होने की सुचना

  मनासा
  यशवंत राठौर
  23 February, 2026
icon

कुकड़ेश्वर(यशवंत राठौर) कुकड़ेश्वर-मनासा मार्ग पर ग्राम घोटा पिपलिया के समीप फोफलिया फ़ंटै पर सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की असामयिक मृत्यु हो गई। राजस्थान नंबर की एक तेज रफ्तार महिंद्रा XUV500 ने बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।

यह दुर्घटना सोमवार शाम करीब 7:30 बजे घटित हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राजस्थान पासिंग वाहन (RJ-14, UE 5632) की रफ्तार बहुत अधिक थी, जिसने युवकों को जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई।

विशेष विभाग के वाहन होने की चर्चा
घटनास्थल पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर मारने वाला वाहन राजस्थान पासिंग है और कयास लगाए जा रहे हैं कि यह किसी मंदसौर या नीमच से जुड़े विशेष विभाग या सरकारी एजेंसी के अधिकारी का हो सकता है। हालांकि, अभी तक पुलिस या संबंधित विभाग द्वारा इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस मामले की गहनता से पड़ताल कर रही है।

मृतकों की जानकारी
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक ग्राम खड़ी खुर्द के निवासी थे:
दशरथ (22 वर्ष), पिता रमेश मेघवाल।
जोर सिंह (36 वर्ष), पिता मोतीलाल बंजारा।

राहगीरों ने डायल 112 को सूचना दी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस थाना टीम मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल के शवगृह में रखवाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित वाहन (XUV500) को अपने कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।