काल बना सड़क का अधूरा निर्माण: शादी का निमंत्रण देकर घर लौट रहे जावद के दो युवक हादसे का शिकार, एक की मौत की दुखद सूचना
जावद। नीमच–सिंगोली मुख्य मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के बीच आज रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। अपनी बहन की शादी का निमंत्रण देकर लौट रहे दो युवकों की बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना डीकेन चौकी क्षेत्र अंतर्गत लक्ष्मीपुरा के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाइक से शादी का कार्ड बांटकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क निर्माण कार्य के चलते मार्ग पर बनी अव्यवस्थित स्थिति में उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया।
दुर्घटना में सौरभ पिता विनोद पालीवाल (26 वर्ष), निवासी तारापुर हाल मुकाम जावद, की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं साथ में सवार गौरव नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही डिकेन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए रतनगढ़ अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिवार में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं इस हादसे के बाद पूरे घर में शोक की लहर फैल गई।
