12 फरवरी को नीमच थमेगा—रोज़ी, अधिकार और सम्मान के लिए सड़क पर उतरेगा मेहनतकश भारत, राष्ट्रव्यापी हड़ताल का एलान

  नीमच
  द वाॅचमेन पोस्ट
  10 February, 2026
icon

नीमच। देशभर में मजदूर-कर्मचारियों के हक़ में उठी आवाज़ अब निर्णायक मोड़ पर है। 12 फरवरी को राष्ट्रव्यापी हड़ताल के आह्वान पर नीमच के मेहनतकश भी कामकाज ठप कर सड़क पर उतरेंगे। सीटू, इंटक सहित 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों, कर्मचारी संघों-महासंघों, आउटसोर्स-संविदा-ठेका मोर्चा, योजना कर्मियों, सार्वजनिक उपक्रमों के कन्फेडरेशन तथा अखिल भारतीय किसान सभा और संयुक्त किसान मोर्चा के संयुक्त आह्वान पर यह आंदोलन होगा।
सीटू के प्रदेश सचिव शैलेंद्र सिंह ठाकुर, जिला महासचिव सुनील शर्मा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष किशोर जेवरिया, इंटक के भगत वर्मा और मध्यान्ह भोजन के मनोहर बैरागी ने साफ कहा कि यह हड़ताल चार श्रम संहिताओं की वापसी, अस्थाई-संविदा-आउटसोर्स-ठेका कर्मियों के नियमितीकरण, सामाजिक सुरक्षा, सार्वजनिक क्षेत्र के अंधाधुंध निजीकरण पर रोक, महंगाई नियंत्रण, नए बिजली कानून व स्मार्ट मीटर रद्द करने और सभी फसलों को एमएसपी के दायरे में लाने सहित 20 सूत्रीय मांगों को लेकर है।
हड़ताल में आंगनवाड़ी, आशा, मध्यान्ह भोजन, सफाईकर्मी, नल चालक, भृत्य-चौकीदार, अतिथि शिक्षक, बैंक मित्र, दवा प्रतिनिधि, सुरक्षा गार्ड, औद्योगिक मजदूर, दैनिक वेतनभोगी, विनियमित कर्मी सहित शासकीय-अर्धशासकीय, मंडल-बोर्ड, नगर पालिका-पंचायत, कृषि उपज मंडी और निजी क्षेत्र के कर्मचारी शामिल होंगे।

कार्यक्रम

12 फरवरी को सुबह 9:30 बजे गांधी वाटिका से रैली निकलेगी, जो 40 चौराहा, पुस्तक बाजार, घंटाघर, बारादरी, फवारा चौक, कमल चौक होते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेगी। वहां मुख्यमंत्री, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सभी ट्रेड यूनियन नेताओं ने जिले के श्रमिकों-कर्मचारियों-किसानों से अपील की है कि 12 तारीख को कोई काम पर न जाए और बड़ी संख्या में शामिल होकर हड़ताल को ऐतिहासिक बनाए।