नगर में लहराई सनातन धर्म की पताका, श्री महाकाल मंदिर में 72वां श्री हनुमान चालीसा पाठ, उमड़ा आस्था का जनसैलाब
मनासा। सनातन धर्म की पताका पूरे नगर में लहराते हुए 72वें श्री हनुमान चालीसा पाठ का भव्य आयोजन श्री महाकाल मंदिर, कमला नेहरू नगर में भक्तों की भारी भीड़ के बीच श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ। नगर भर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक स्वर में श्रीहनुमान चालीसा का पाठ कर धर्म, संस्कार और एकता का संदेश दिया।
सत्संग को संबोधित करते हुए आर्यावर्त षटदर्शन साधु मंडल भारत एवं साध्वी मंडल की प्रदेश अध्यक्ष, प्रसिद्ध कथावाचक साध्वी जयमाला दीदी ने निरंतर आयोजित हो रहे श्रीहनुमान चालीसा पाठ एवं सत्संग की सराहना की। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कार ही परिवार में एकता और समाज में सद्भाव की नींव हैं। साध्वी जयमाला दीदी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सनातन धर्म सत्य का मार्ग दिखाता है, और सत्य के माध्यम से ही ईश्वर की प्राप्ति संभव है।
दैनिक जीवन के आचरण पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा, “जो माता-पिता के चरणों में झुकना सीख लेता है, उसे संसार के आगे कभी झुकना नहीं पड़ता।” उनके उद्बोधन ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
सत्संग का शुभारंभ लाभार्थी उपाध्याय परिवार द्वारा श्री हनुमान जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर कमल विजयवर्गीय, सत्यनारायण सोनी, निरंजन पाराशर एवं ओम सोनी ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
आयोजन के सफल संचालन पर सनातन सत्संग मंडल ने सभी श्रद्धालुओं, सहयोगियों एवं आयोजकों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आगामी 73वें सत्संग में 10 फरवरी को ठीक सुबह 8 बजे, श्रीघास बावजी, श्रीराम मोहल्ला पर सपरिवार सहभागिता करने का आग्रह किया गया।
