सांवरिया सेठ के रंग में रंगेगा नीमच, प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा पहुंचे नीमच, थोड़ी देर में गूंजेंगे सांवरिया सेठ के भजन

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  03 February, 2026
icon


नीमच। अपनी बुलंद आवाज़ और राजस्थानी लोक-भजनों से देशभर में पहचान बना चुके प्रसिद्ध भजन गायक छोटू सिंह रावणा नीमच पहुंचे। जहां यात्रा आयोजक अशोक अरोरा गंगानगर और  समर्थकों ने गर्मजोशी के साथ रावणा का स्वागत किया। सांवरिया सेठ के दरबार में आयोजित होने जा रहे भव्य धार्मिक कार्यक्रम की पूर्व संध्या पर उन्होंने मीडिया से विशेष चर्चा करते हुए नीमचवासियों के प्रति आभार जताया और कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया।

मीडिया से रूबरू होते हुए छोटू सिंह रावणा ने कहा कि नीमच से उन्हें हमेशा अपार प्रेम और सम्मान मिला है। उन्होंने कहा, “खाटू श्याम जी के सत्संग के लिए मैं कई बार नीमच आ चुका हूं, लेकिन सांवरिया सेठ के दरबार में पहली बार आने का सौभाग्य मिला है। नीमच की धरा धार्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण है और यहां की जनता का उत्साह अद्भुत है।

कार्यक्रम के आयोजक एवं समाजसेवी अरुल अशोक अरोरा की खुलकर सराहना करते हुए रावणा ने कहा कि धर्म के लिए समय, शक्ति और संसाधन समर्पित करना आज के दौर में बड़ी बात है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा की गूंज इतनी व्यापक है कि उज्जैन के महाकाल मंदिर के पुजारी तक इसमें शामिल होने को उत्सुक हैं, जो इस आयोजन की भव्यता और प्रभाव को दर्शाता है।

छोटू सिंह रावणा ने नीमच सहित आसपास के समस्त श्रद्धालुओं को इस भक्तिमय सत्संग में शामिल होने का खुला निमंत्रण देते हुए कहा कि आज नीमच और कल निम्बाहेड़ा में सांवरिया सेठ के भजनों की गंगा बहेगी। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और श्रद्धालु इस उत्सव में भाग लेंगे और पूरा क्षेत्र सांवरिया सेठ के रंग में रंगा हुआ नजर आएगा।

इसी क्रम में श्री सांवरिया सेठ मंडफिया तक पैदल यात्रा कल 4 फरवरी 2026, यानी बुधवार को सुबह 8:30 बजे नीमच से लायंस पार्क से  प्रारंभ होगी। लगभग 90 किलोमीटर की यह पदयात्रा बिना किसी पंजीयन के समस्त सुविधाओं और व्यवस्थाओं के साथ होगी। 

विगत वर्षों की तरह इस वर्ष भी सांवरिया भक्त मंडल द्वारा इसे दिव्य, भव्य और ऐतिहासिक स्वरूप दिया जा रहा है। तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं और यह यात्रा इस बार नया इतिहास रचने जा रही है।