ब्रेकिंग : आमलीखेड़ा के मुख्य चौराहे पर मधुमक्खी का हमला, मजदूर सहित कई लोग घायल—एक की हालत गंभीर, नीमच रेफर

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  03 February, 2026
icon

नीमच। आमलीखेड़ा गांव के मुख्य चौराहे पर मधुमक्खी के हमले से मची अफरा-तफरी के बाद राहत और मदद का काम मौके पर जारी रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह आमलीखेड़ा पहुंचे और राहत कार्य में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
मधुमक्खी के काटने से दो आदिवासी मजदूरों सहित गांव के कई लोग घायल हो गए थे। घायलों में कान्हा सेन पिता भंवरलाल सेन (32 वर्ष), बल्लू बंजारा (79 वर्ष) और महेंद्र सिंह पिता जालम सिंह (55 वर्ष) निवासी आमलीखेड़ा शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल मनासा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद एक गंभीर घायल को नीमच सिविल अस्पताल रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह मौके पर पहुंचे और घायलों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और उपचार एवं राहत व्यवस्था को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। साथ ही प्रभावित मजदूरों और ग्रामीणों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि मुख्य चौराहे जैसे सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की घटना प्रशासनिक सतर्कता की कमी को उजागर करती है। लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए ठोस और स्थायी इंतजाम किए जाएं।