नीमच में रफ्तार का कहर: ट्रक ने स्कूटी सवार तीन छात्राओं को रौंदा, दो की हालत गंभीर, श्रीराम हॉस्पिटल रेफर

  नीमच
  डेस्क न्यूज
  31 January, 2026
icon

नीमच। शहर के नीमच–मनासा मार्ग पर शनिवार को तेज रफ्तार ने कहर बरपा दिया। मंगलम रिसॉर्ट, जेतपुरा रोड के पास एक अनियंत्रित ट्रक ने स्कूटी सवार तीन छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में तीनों छात्राएं घायल हो गईं, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मानसी शर्मा, भव्या सोनी और महक शर्मा स्कूटी से नीमच से जेतपुरा चौराहा स्थित क्रिएटिव माइंड  स्कूल जा रही थीं। स्कूल में सांस्कृतिक कार्यक्रम था, जिसमें तीनों को भाग लेना था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर दूर जा गिरीं। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया।
जानकारी के मुताबिक मानसी शर्मा और भव्या सोनी को गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए श्री राम हॉस्पिटल रेफर किया गया है। वहीं महक शर्मा को मामूली चोटें आई हैं और उसकी हालत स्थिर है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और परिचित अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार, भारी वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।