तेज़ रफ्तार का कहर: नीमच में ट्रेलर ने दो युवकों को कुचला, 50 फीट तक घसीटते रहे शव,भरभड़िया फंटा बना मौत का फंदा, दर्दनाक हादसे से दहल गया नीमच 

  नीमच
  डेस्क न्यूज़
  23 January, 2026
icon

नीमच। गुरुवार रात नीमच में रफ्तार का ऐसा कहर टूटा कि हर देखने वाला सन्न रह गया। कैंट थाना क्षेत्र के भरभड़िया फंटे पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार दो युवकों को बेरहमी से कुचल दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक ट्रेलर में फंस गए और करीब 50 फीट तक सड़क पर घसीटते चले गए।

हादसे के बाद ट्रेलर अनियंत्रित हो गया। वह चौराहे पर लगी लोहे की रेलिंग तोड़ता हुआ बिजली के खंभे से टकराया और सीधे पास के खेत में जा घुसा। टक्कर के कारण 11 हजार केवी की हाईटेंशन लाइन में तेज स्पार्किंग शुरू हो गई, जिससे पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया, पूरा गांव अंधेरे में डूब गया। 
सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी नवल सिंह सिसोदिया, सीएसपी किरण चौहान और कैंट थाना प्रभारी निलेश अवस्थी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रेलर में बुरी तरह फंसे शवों को बाहर निकालना किसी चुनौती से कम नहीं था। क्रेन और तीन जेसीबी मशीनों की मदद से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात शव निकाले जा सके।


इस हृदयविदारक हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान सरवानिया महाराज निवासी गोविंद रैगर और भूपेंद्र राजपूत के रूप में हुई है। दोनों युवक नीमच से जावद की ओर जा रहे थे। हादसे में एक युवक का सिर बुरी तरह चकनाचूर हो गया, जबकि दूसरा युवक बाइक समेत ट्रेलर के केबिन के नीचे दबकर बिखर गया।

पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि भरभड़िया फंटा लगातार हादसों के बावजूद अब तक ‘डेंजर जोन’ बना हुआ है। बार-बार जानें जा रही हैं, लेकिन अंडरब्रिज निर्माण को लेकर जनप्रतिनिधियों और प्रशासन की चुप्पी लोगों में आक्रोश पैदा कर रही है।