GBS जांच टीम के साथ ठहरे ड्राइवर की शहर के निजी होटल में बिगड़ी तबियत, अस्पताल में मौत
नीमच। शहर के व्यस्त फव्वारा चौक स्थित होटल भारत पैलेस में ठहरे एक युवक की सुबह अचानक तबीयत बिगड़ गई। गंभीर हालत में युवक को होटल स्टाफ की मदद से साथ आए अधिकारीयों द्वारा तत्काल जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान दीपक पिता जगदीश धुर्वे, उम्र लगभग 40 वर्ष, निवासी पंचशील नगर, भोपाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मृतक दीपक, नीमच में GBS बीमारी के इन्वेस्टिगेशन के लिए आई टीम के अधिकारी डॉक्टर का ड्राइवर था जो ट्रेवल्स कंपनी के वाहन से टीम को लेकर बीते एक हफ्ते से नीमच में था।
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 6:30 बजे दीपक को अचानक घबराहट और एसिडीटी की शिकायत हुई, जिसकी सूचना उसने उसने होटल स्टाफ और अपने अधिकारी डॉक्टर को दी। दीपक के परिजनों को सूचना दी गई। साथ ही GBS टीम के साथ आये डॉक्टर और होटल स्टाफ ने तुरंत जिला चिकित्सालय संपर्क किया और CMHO को तबियत खराब होने की सूचना दे कर ऑटो से मरीज को जिला चिकित्सालय पँहुचाया । अस्पताल में तत्काल उपचार शुरू कराया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश इलाज के दौरान सुबह 7:35 बजे दीपक की मौत हो गई।
फिलहाल युवक की मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। मामले की सूचना पुलिस को दी गई । पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो पाएंगे।
