उज्जैन:टोल नाके पर टोलकर्मियों ने कार सवार परिवार को घेर कर मारा
वीडियो वाइरल होने के बाद उज्जैन पुलिस ने की कारवाई
उज्जैन। जो टोल प्लाज़ा यात्रियों को सुविधाएं देने के एवज में रुपये वसूलते हैं वे ही कई बार यात्रियों की असुविधा का कारण बन जाते हैं। मध्य प्रदेश के बड़नगर-बदनावर नेशनल हाईवे पर टोल कर्मियों और टोल संचालको द्वारा एक परिवार के साथ बुरी तरह मारपीट की गई। कहासुनी के बाद हुए विवाद में एक कार सवार परिवार पर टोल कर्मी और संचालक इस कदर टूट पड़े की उन्हे हाईवे पर गिरा कर लात घूसों से मारा गया।
टोल प्लाजा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में टोल कर्मचारी एक परिवार के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं. वीडियो में टोलकर्मी महिलाओं के साथ भी मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं. घटना शनिवार की है। हालांकी परिवार द्वारा मामले में कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी लेकिन अभी-अभी खबर आ रही है की घटना के एक दिन बाद वीडिओ सामने आने के बाद स्वयं संज्ञान लेते हुए उज्जैन पुलिस ने बदमाशों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल
घटना उज्जैन के थाना इंगोरिया क्षेत्र की है। पूरा मामला यह है की वाहन चालक की व टोल कर्मचारियों की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिससे गुस्साए टोल के कर्मचारी व संचालक ने वाहन चालक व उसके साथ गाड़ी में बैठे लोगों एवं महिलाओं के साथ अभद्रता कर बुरी तरह मारपीट कर दी। वीडियो में देखा जा सकता है की महिलाओं के साथ टोल कर्मी द्वारा अभद्रता व मारपीट की जा रही है। हालांकि इस मामले में वाहन चालक व उसके परिजनों ने इस मामले की शिकायत नहीं की और वहां से चले गए। लेकिन यह वीडियो वहां मौजूद लोगों ने बना लिया जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शिकायत नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा द्वारा मीडिया से कहा गया की जिन लोगों के साथ मारपीट हुई है उन्हें बेखौफ होकर सम्बंधित थाना क्षेत्र की पुलिस को शिकायत करना चाहिए। यदि फरियादी पक्ष घबराहट में अभी चला गया है तो कोई बात नहीं आजकल मेल सुविधा भी उपलब्ध है। पुलिस जरूर कारवाई करेगी।
कॉंग्रेस नेता ने घटना का वीडियो शेयर किया
कांग्रेस नेता हेमंत सिंह चौहान ने इस घटना का वीडियो शेयर किया और लिखा, “बड़नगर-उज्जैन टोल रोड पर महिलाओं, बच्चों और परिवार जन के साथ टोल कर्मी ने दादा पहलवानी कर मारपीट की. ये घटना आष्टा निवासी कपिल चौधरी और मुकेश चौधरी के परिवार के साथ घटी है. वीडियो में जो दृश्य सामने आए हैं, वे न केवल चिंताजनक हैं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करते हैं. टोल शुरू हुए अभी सिर्फ दो दिन हुए हैं और टोलकर्मी आस पास के लोगों के साथ भी नियम विरुद्ध जबरिया टोल वसूली कर रहे हैं. मैं घटना की घोर निंदा करता हूं. क्योंकि घटना के समय छोटे बच्चे महिलाएं मौजूद थीं और उनके साथ भी अभद्रता हुई. पीड़ित परिवार जन डरे नहीं और संपर्क करें. उचित कार्रवाई के साथ इन गुंडों को उन्हीं की भाषा में जवाब दिया जाएगा.”
उज्जैन पुलिस की कार्रवाई: टोल कर्मचारियों पर प्रकरण दर्ज
जांच के बाद इंगोरिया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए स्वयं संज्ञान में लेकर त्वरित कार्रवाई की। टोल के संचालक और कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों में सुरेंद्र सिंह उर्फ सोनू सिंह, हर्षवर्धन सिंह, संदीप चौधरी, रणवीर उमठ, विजेंद्र चंद्रवंशी शामिल हैं जिसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जेल भेजे गए आरोपी
पुलिस द्वारा बताया गया की आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर जेल भेजा जा रहा है। उज्जैन पुलिस आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु सतत प्रयासरत है।
यहाँ देखें वीडियो खबर - टोल प्लाजा पर कार सवार परिवार को टोल कर्मियों ने घेर कर मारा
