“नीमच में संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का भव्य शुभारंभ: कलश यात्रा और शंखनाद से गूंजा शहर”
नीमच। शहर के पुराने चमड़ा कारखाना क्षेत्र स्थित गौ नंदी सेवा धाम में सोमवार से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत शंखनाद और कलश यात्रा के साथ की गई, जिसने नगर में भक्तिमय वातावरण बना दिया।
कथा का मुख्य वक्ता प्रसिद्ध कथावाचक और विद्वान पंडित शंकर शास्त्री हैं, जो अपने मुखारविंद से श्रद्धालुओं को श्रीमद भागवत के भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का रसपान कराएंगे। यह कथा सोमवार से 18 जनवरी तक प्रतिदिन आयोजित की जाएगी।
गौ सेवा समिति के अध्यक्ष पार्थ जोशी और सचिव मितेश अहीर ने बताया कि यह आयोजन गौ सेवार्थ के पावन उद्देश्य को लेकर किया गया है। कथा के शुभारंभ पर सुबह 10 बजे बंगला नंबर 55 स्थित श्री बगलेश्वर महादेव मंदिर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा बैंड-बाजों, ढोल-ढमाकों और जयघोष के साथ नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए गौ नंदी सेवा धाम पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के साथ कथा का शुभारंभ हुआ।
आयोजन समिति ने बताया कि सातों दिनों तक दोपहर 12.30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ देव पूजन और गौ पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 1 बजे से सायं 4 बजे तक पंडित शंकर शास्त्री संगीतमय कथा का प्रवचन करेंगे। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति और ज्ञान का भावपूर्ण वर्णन किया जाएगा।
श्रद्धालुओं में इस धार्मिक आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। सात दिवसीय कथा का विश्राम 18 जनवरी को पूर्णाहुति और भंडारे के साथ होगा। आयोजन समिति ने नगरवासियों और श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
