EXCLUSIVE: नीमच में सड़क हादसों की कड़ी जारी: सर्राफा बाजार में मंगलम ज्वेलर्स में घुसा टेंपो, बड़ा हादसा टला

  नीमच
  न्यूज डेस्क
  27 December, 2025
icon

नीमच / शहर में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती रात जहां एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो गुमटियों में जा घुसी थी, वहीं आज एक और बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
तिलक मार्ग स्थित सराफा बाजार में मंगलम ज्वेलर्स की दुकान में अचानक एक टेंपो अनियंत्रित होकर जा घुसा। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस स्थान पर टेंपो घुसा, वहां महज दो मिनट पहले ही कुछ लोग खड़े थे। यदि समय का थोड़ा सा भी अंतर न होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था।


स्थानीय रहवासियों और व्यापारियों का कहना है कि तिलक मार्ग पर टेंपो चालकों की लापरवाही लगातार बढ़ती जा रही है। तेज रफ्तार, ओवरलोडिंग और खड़ी गाड़ियों को टक्कर मारने जैसी घटनाएं आए दिन हो रही हैं, जिससे लोग दहशत में हैं।
घटना की सूचना तत्काल 112 नंबर पर दी गई, लेकिन पुलिस को मौके पर पहुंचने में लगभग 25 मिनट का समय लग गया, जिसे लेकर भी स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।


तिलक मार्ग के रहवासियों एवं व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस क्षेत्र में टेंपो चालकों की आवाजाही पर रोक लगाई जाए या उनके लिए सख्त नियम बनाए जाएं, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।