नीमच में उमड़ा आस्था का सैलाब: नरेश के दरबार में श्रद्धा से मनाई गई सफला एकादशी
नीमच। नीमच नरेश के दरबार में सोमवार को सफला एकादशी का पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। बावड़ी वाले बालाजी स्थित प्रसिद्ध श्याम मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दूर-दराज के क्षेत्रों से आए भक्तों ने बाबा श्याम के दर्शन किए, पूजा-अर्चना में भाग लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
शुभ अवसर पर प्रातःकाल महा आरती का आयोजन किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा। बाबा श्याम का विशेष श्रृंगार कोलकाता और दिल्ली से मंगाए गए रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से किया गया, जो श्रद्धालुओं का आकर्षण केंद्र बना। पूरे मंदिर को विशेष रूप से सजाया गया, जिससे वातावरण पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं कीं। शाम के समय भव्य ताली कीर्तन और विशेष आरती आयोजित की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं को फलियारी प्रसाद का वितरण किया गया, जिसे लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखा गया।
मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित गोपाल शर्मा ने बताया कि इस अवसर से एक दिन पूर्व जावद से विशाल निशान यात्रा तिलक मार्ग स्थित श्याम मंदिर पहुंची, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और बाबा श्याम के जयकारों से माहौल भक्तिपूर्ण बना रहा।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सफला एकादशी भगवान विष्णु को समर्पित है। इस दिन व्रत, जप और भक्ति करने से जीवन की बाधाएं दूर होती हैं और सुख, शांति एवं समृद्धि की प्राप्ति होती है। इसी विश्वास के साथ श्रद्धालु आज बाबा श्याम के दरबार में अपनी मनोकामनाओं के साथ उपस्थित हुए।
