बकरी बचाते-बचाते टेंपो पलटा, चालक सहित दो घायल
नीमच। जिले के जावद थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर सरवानिया-जावद रोड पर एक सड़क हादसा हो गया। बकरी को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित टेंपो सड़क किनारे खेत में पलट गया, जिसमें चालक और एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सरवानिया-जावद रोड पर अचानक सामने आई बकरी को बचाने के दौरान टेंपो चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। तेज रफ्तार टेंपो सड़क से उतरते हुए पास के खेत में पलट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में कैलाश, पिता बंसीलाल लोहार (50), निवासी जावद, गंभीर रूप से घायल हुए हैं। वहीं मनोज, पिता फकीरचंद लोहार (45), निवासी जावद, को भी चोटें आने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दोनों घायलों का इलाज जारी है, जिसमें कैलाश की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना में टेंपो भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की और घटना की जानकारी दर्ज की।
