खेत में काम के दौरान करंट की चपेट में आया किसान, इलाज के दौरान मौत

  नीमच
  न्यूज डेस्क
  15 December, 2025
icon

नीमच। मनासा थाना क्षेत्र के ग्राम मोकड़ी में खेत पर काम करते समय करंट लगने से एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार धनसिंह पिता भेरूसिंह राजपूत (45), निवासी ग्राम मोकड़ी, रविवार को अपने खेत पर रोजमर्रा के कृषि कार्य में लगे हुए थे। इसी दौरान अचानक विद्युत करंट की चपेट में आने से वे गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने उन्हें तत्काल उपचार के लिए मनासा शासकीय अस्पताल पहुंचाया।

मनासा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें नीमच जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उन्हें तुरंत नीमच जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मृतक के शव को जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम गृह में रखवाया गया था, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा गया।

बताया गया है कि धनसिंह अपने परिवार के मुख्य सहारा थे और खेती-किसानी के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस अचानक हुई घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।