मदीना में भीषण बस हादसा: उमरा से लौट रहे 42 भारतीयों की मौत, 16 हैदराबाद के शामिल
हैदराबाद/रियाद। मक्का से मदीना जा रहे भारतीय उमरा यात्रियों की बस सोमवार तड़के एक डीज़ल टैंकर से टकरा गई, जिसमें कम से कम 42 भारतीय तीर्थयात्रियों की मौत हो गई। मृतकों में 16 हैदराबाद के होने की पुष्टि हुई है। हादसा भारतीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे मुफ़रिहात क्षेत्र में हुआ, जो मदीना से लगभग 160 किलोमीटर दूर है। बस में कुल 43 लोग सवार थे, जिनमें से केवल एक यात्री जीवित बच पाया है।
जानकारी के अनुसार, यह दल 9 नवंबर को हैदराबाद से रवाना हुआ था, जिसमें 20 महिलाएँ और 11 बच्चे शामिल थे। सभी यात्रियों ने मक्का में उमरा के धार्मिक अनुष्ठान पूरे कर लिए थे और वे मदीना लौट रहे थे, तभी यह दिल दहला देने वाली दुर्घटना हो गई।
तेलंगाना के आईटी मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने मीडिया को बताया कि मृतकों में सभी 16 लोग हैदराबाद के मल्लीपल्ली के बाज़ारघाट इलाके के रहने वाले हैं। वहीं अन्य दूसरी जगहों से हैं। मृतकों की विस्तृत सूची और पहचान जुटाई जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही हैदराबाद में तीर्थयात्रियों के परिजन और रिश्तेदार व्याकुल हो गए हैं और लगातार ट्रैवल एजेंसियों व अधिकारियों से संपर्क कर जानकारी जुटा रहे हैं।
हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने बताया कि उन्होंने रियाद स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क कर पूरी जानकारी मांगी है। उन्होंने केंद्र सरकार और विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से अपील की है कि मृतकों के शवों को भारत लाने की व्यवस्था जल्द की जाए और यदि कोई घायल है तो उसे तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।
हादसे के तुरंत बाद सऊदी सिविल डिफेंस और पुलिस मौके पर पहुँची। भारतीय दूतावास के अधिकारी और उमरा एजेंसियों के प्रतिनिधि भी राहत एवं समन्वय कार्य में जुट गए हैं।
अल मीना ट्रैवल एजेंसी के अनुसार, उसके 20 यात्रियों का समूह 9 नवंबर को सऊदी रवाना हुआ था। उनमें से 16 लोग बस में सवार थे, जिनके बारे में किसी के जीवित होने की जानकारी नहीं है। जिन यात्रियों के मरने की आशंका जताई जा रही है, उनमें पुरुष, महिलाएँ और बुजुर्ग शामिल हैं।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने इस भयावह दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मुख्य सचिव और डीजीपी को तुरंत घटना की विस्तृत रिपोर्ट जुटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही केंद्र सरकार और सऊदी अधिकारियों से समन्वय कर मृतकों के शवों को भारत लाने की प्रक्रिया तेज करने को कहा है।
राज्य सरकार ने दिल्ली स्थित रेज़िडेंट कमिश्नर को भी अलर्ट कर दिया है, ताकि तेलंगाना के मृतकों की पहचान और आवश्यक औपचारिकताओं में तेजी लाई जा सके।
हैदराबाद में इस हादसे को लेकर शोक और चिंता का माहौल है, जबकि परिजन अपने प्रियजनों के किसी चमत्कार की उम्मीद में लगातार अपडेट का इंतजार कर रहे हैं।
