मुख्यमंत्री मोहन यादव लाए नीमच के लिए करोड़ों की सौगात,महर्षि सांदीपनि विद्यालय के शुभारंभ के बाद गांधीसागर में छोड़े चीते

  नीमच
  न्यूज डेस्क
  20 April, 2025
icon

नीमच। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रविवार को नीमच जिले के जावद में 37.11 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित महर्षि सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण किया। इस अत्याधुनिक विद्यालय में लगभग 1700 विद्यार्थी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ग्रहण करेंगे। विद्यालय में आधुनिक प्रयोगशाला, स्मार्ट कक्षाएं और सुविधाजनक फर्नीचर की व्यवस्था की गई है।

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, "आज के स्कूल देखकर दिल खुश हो जाता है। पहले हम टाट पट्टी पर पढ़ते थे और बारिश होने पर वही ओढ़कर घर जाना पड़ता था। लेकिन आज बच्चों के लिए शानदार टेबल-कुर्सी, प्रयोगशाला और अन्य सुविधाएं उपलब्ध हैं। यही हमारे देश की प्रगति का प्रतीक है।"

मुख्यमंत्री ने बताया कि आज नीमच जिले में 55 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि पूजन किया गया। साथ ही नीमच-सिंगोली मार्ग के निर्माण की भी घोषणा की गई। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने युवाओं, महिलाओं और गरीबों के कल्याण के लिए लगातार कार्य किए हैं।

सभा में मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश में चल रहे चीता पुनर्वास प्रोजेक्ट की भी सराहना की। उन्होंने बताया कि 2022 में अफ्रीका से लाए गए चीतों ने मध्यप्रदेश में सफलतापूर्वक नई पीढ़ी को जन्म दिया है। "जहां अन्य प्रयास विफल रहे, वहीं मध्यप्रदेश ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। 

इस आयोजन के दौरान सांसद सुधीर गुप्ता सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि मंच पर थे।उन्होंने यहां पूर्व केंद्रीय मंत्री सत्यनारायण जटिया का भी सम्मान किया।

वहां उन्होंने बताया कि आज गांधी सागर में दो नए शावक छोड़े जा रहे हैं, जिससे नीमच-मंदसौर क्षेत्र को भी पर्यावरणीय और पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान मिलेगी।"

इस आयोजन के बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से गांधीसागर क्षेत्र में पहुंचे।वहां उन्होंने कूनो से लाए हुए 2 चीते प्रभास और पावक को छोड़ा।उन्हें भी सड़क मार्ग से यहां लाया गया था।

इसके बाद दिए उद्बोधन में एमपी के सीएम मोहन यादव ने कहा कि "गांधी सागर में चीता पुनर्वास के मद्देनजर एक नया इतिहास लिखा गया, प्रभास और पावक को छोड़ा गया। मैं राज्य और देश के लोगों को बधाई देना चाहता हूं। 2022 में पीएम मोदी ने अपने जन्मदिन पर एमपी को चीता राज्य बनाया। उस प्रयोग के कारण यहां चीतों की वृद्धि शोध का विषय है। उन्हें जंगलों में देखा जा रहा है। यह पीएम मोदी के आशीर्वाद के कारण है। वन प्रेमी यहां का आनंद ले पाएंगे। यह क्षेत्र संसाधनों से भरपूर है। हम हवाई और सड़क संपर्क के लिए काम करेंगे। अगले महीने, हम बोत्सवाना से चार नए चीते ला रहे हैं, हम उन्हें यहां छोड़ने की कोशिश करेंगे।"

उनके साथ इस आयोजन में मनासा विधायक माधव मारू और नीमच विधायक दिलीप सिंह परिहार और जावद विधायक ओमप्रकाश सकलेचा मौजूद थे।

मुख्यमंत्री के इस दौरे से नीमचवासियों को विकास की नई दिशा मिलने की उम्मीद है।