रतनगढ़ में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, गुंजालिया पुलिया पर बड़ा हादसा टला

  नीमच
  निर्मल मुँदडा
  28 October, 2025
icon

रतनगढ़। रतनगढ़ क्षेत्र में बीते 48 घंटे से लगातार जारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। कभी तेज तो कभी रिमझिम फुहारों का यह सिलसिला मंगलवार सुबह तक भी थमने का नाम नहीं ले रहा है। बारिश के चलते गुंजालि नदी और आड़ा अवला खाल उफान पर हैं, जिससे कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।

सुबह से लगातार हो रही बारिश और बढ़ी ठंड के कारण लोग घरों में दुबके हुए हैं। इस बीच वार्ड क्रमांक 15 गुंजालिया पुलिया के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, प्रेमसिंह राजपूत, निवासी वार्ड क्रमांक 15, दूध देने के बाद बाइक से लौट रहे थे। तभी अचानक तेज बहाव में पुलिया पार करते समय उनका संतुलन बिगड़ गया और बाइक समेत बहने लगे।

स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रणजीत सिंह, कमल सिंह, भारतसिंह, पवन सिंह, अंकित सिंह और लालसिंह ने रस्सी की मदद से प्रेमसिंह को बड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पानी का बहाव इतना तेज था कि बाइक देर शाम तक भी पानी में फंसी रही।

गांववासियों की सजगता और सामूहिक प्रयास से बड़ा हादसा टल गया, अन्यथा जान-माल की हानि से इंकार नहीं किया जा सकता था।

इस बीच प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में न जाएं। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे तक हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है।

गुंजालिया क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने जहां किसानों के चेहरों पर कुछ राहत दी है, वहीं ग्रामीण इलाकों में रास्ते और पुलिया जलमग्न होने से आवाजाही पर असर पड़ा है।