तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकराई, युवक गंभीर रूप से घायल — नीमच-मनासा मार्ग की घटना
नीमच। शहर के समीप नीमच-मनासा मार्ग पर स्थित मनासा नाके के पास बुधवार शाम एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराई। इस हादसे में बाइक सवार युवक को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान रामेश्वर (पुत्र पुष्कर), उम्र 32 वर्ष, निवासी रेवली-देवली नीमच के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रामेश्वर अपनी मोटरसाइकिल से मनासा की ओर जा रहा था, तभी मनासा नाके के समीप तेज रफ्तार के चलते उसका संतुलन बिगड़ गया और वह बाइक सहित डिवाइडर से जा भिड़ा।
हादसे के दौरान रामेश्वर को सिर और मुंह में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर उपस्थित लोगों ने तत्काल घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थिति गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे की वजह अधिक रफ्तार और लापरवाही बताई जा रही है।
