नीमच के कपड़ा शोरूम में भीषण आग, लाखों का नुकसान,तीन घंटे की मशक्कत के बाद काबू, फायर ब्रिगेड की देरी से नागरिकों में आक्रोश

  नीमच
  डेस्क न्यूज़
  22 October, 2025
icon

नीमच। शहर के नया बाजार स्थित प्रसिद्ध आदिनाथ वस्त्रालय के तीन मंजिला शोरूम की दूसरी मंजिल पर रविवार देर रात करीब 12:20 बजे भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि लाखों के रेडीमेड वस्त्र जलकर खाक हो गए। राहत की बात यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

फायर ब्रिगेड पहुंची आधे घंटे की देरी से

स्थानीय नागरिकों द्वारा तुरंत सूचना देने के बावजूद नगर पालिका की फायर ब्रिगेड लगभग आधे घंटे की देरी से मौके पर पहुंची। इससे लोगों में आक्रोश फैल गया। आग बुझाने में तीन फायर ब्रिगेड और दो पानी के टैंकर लगाए गए। कुल मिलाकर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

सीआईएसएफ और स्थानीय लोगों ने निभाई अहम भूमिका

सीआईएसएफ (अफीम फैक्ट्री क्षारोद) की फायर टीम मौके पर पहुंची और बेहतर संसाधनों की मदद से राहत कार्य में तेजी आई। वहीं, नया बाजार, गिहारा मोहल्ला, बिहारगंज, कोली मोहल्ला सहित कई क्षेत्रों के नागरिकों ने आग बुझाने में सहयोग किया।

शटर तोड़ने में लगे 30 मिनट

शोरूम की दूसरी मंजिल अंदर से बंद थी। फायर ब्रिगेड कर्मियों को शटर तोड़ने में लगभग आधे घंटे का समय लगा। आग बुझाने के लिए खिड़कियों के कांच तोड़े गए और वहां से पानी का प्रेशर डालकर आग को नियंत्रित किया गया।

कितना हुआ नुकसान?

शोरूम संचालक प्रदीप भामावत के अनुसार, कुर्ते-पजामे, साड़ी, ड्रेस मटेरियल, जैकेट आदि का भारी स्टॉक आग में जल गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 40–45 लाख रुपये का नुकसान हुआ है, हालांकि सटीक आकलन बाद में संभव होगा। कई बंडल चिपककर एकसार हो गए हैं, जिससे मूल्यांकन में दिक्कत आ रही है।

 प्रशासन और जनप्रतिनिधि नदारद

आग लगने की सूचना के बावजूद कोई भी प्रशासनिक अधिकारी या जनप्रतिनिधि मौके पर नहीं पहुंचा। नागरिकों ने इस पर नाराज़गी जताते हुए कहा कि प्रशासन की उपस्थिति से भीड़ नियंत्रण आसान हो सकता था। भीड़ के कारण फायर ब्रिगेड टीम को कार्य करने में कठिनाई हुई।

पुलिस कर्मी लाचार, भीड़ पर नहीं हो पाया नियंत्रण

केन्ट थाना के तीन पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे लेकिन भीड़ को नियंत्रित नहीं कर सके। स्थानीय लोगों ने रास्ता बंद करने और भीड़ हटाने की मांग की, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

आग लगने का कारण अब तक अज्ञात

शोरूम संचालक के अनुसार, दुकान का बिजली कनेक्शन 20 अक्टूबर की शाम 6 बजे ही बंद कर दिया गया था। शटर अंदर से नट-बोल्ट से बंद था, जिससे शॉर्ट सर्किट की संभावना कम मानी जा रही है। आग आतिशबाजी या किसी अन्य कारण से लगी, इसकी पुष्टि विशेषज्ञ जांच के बाद ही हो सकेगी।