दीपावली की रात नीमच में दो भीषण आगजनी, लाखों की संपत्ति राख —कोई जनहानि नहीं

  नीमच
  डेस्क न्यूज़
  22 October, 2025
icon

नीमच। दीपावली की रात जहां पूरा शहर रोशनी और उल्लास में डूबा हुआ था, वहीं दूसरी ओर नीमच शहर के दो अलग-अलग इलाकों में लगी भीषण आगजनी की घटनाओं ने खुशियों के माहौल को दहशत में बदल दिया। इन दोनों घटनाओं में लाखों रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई, हालांकि फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि होने से रुक गई।पहली आगजनी की घटना नीमच सीटी पिपली चौक स्थित मोची मोहल्ला बाजार की है। यहां स्थित सोफा और कुशन मटेरियल के एक गोदाम में देर रात अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और गोदाम में रखा सारा सामान कुछ ही मिनटों में जलकर खाक हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के दुकानदारों में भगदड़ मच गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। तब तक गोदाम में रखा पूरा माल नष्ट हो चुका था, जिससे भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
दूसरी घटना केंट थाने के नयाबाजार स्थित बारादरी के सामने बड़े बालाजी मंदिर के पास स्थित आदिनाथ वस्त्रालय में घटी। देर रात दुकान से धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो आग आसपास की दुकानों तक फैल सकती थी।
दोनों घटनाओं से शहर के इन इलाकों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। लोगों ने सड़कों पर निकलकर राहत कार्य में भी सहयोग दिया। बड़ी बात यह रही कि दोनो घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में फताखो की चिंगारी ओर शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण बताया जा रहा है।प्रशासन ने दोनों घटनाओं की जांच प्रारंभ कर दी है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।