नीमच में हिट एंड रन: तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, शिक्षिका गंभीर घायल, CCTV में कैद हुआ हादसा

  नीमच
  डेस्क न्यूज़
  09 October, 2025
icon

नीमच। शहर की पॉश राजस्व कॉलोनी में गुरुवार शाम करीब 4:45 बजे एक खतरनाक हिट एंड रन की घटना सामने आई है। सरकारी शिक्षिका वीना विवेक सिंह अपनी बाइक से घर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि बाइक सवार वीना सिंह और उनके परिजन करीब 20 फीट दूर जा गिरे।

यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कार बेकाबू रफ्तार में आई और सीधे बाइक को टक्कर मारते हुए मौके से फरार हो गई। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत मदद पहुंचाई और घायल शिक्षिका को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी कार चालक की तलाश कर रही है। कॉलोनीवासियों ने प्रशासन से तेज गति से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।