ताजासमाचार

जनसुनवाई शिविर में पहुंचे 64 फरियादी, एसपी राजेश व्यास ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

डेस्क न्यूज 09 June, 2026 प्रशासनिक

सीएम हेल्पलाइन की 12 शिकायतों का मौके पर संतुष्टिपूर्वक निराकरण, थाना प्रभारियों को निष्पक्ष कार्रवाई के निर्देश

नीमच। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और लंबित शिकायतों के निराकरण के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस कंट्रोल रूम नीमच में जिला स्तरीय जनसुनवाई एवं शिकायत निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास ने स्वयं फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र एवं प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उज्जैन जोन के निर्देशानुसार आयोजित इस शिविर में जनसुनवाई के साथ-साथ सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर का भी आयोजन किया गया। शिविर के दौरान जिलेभर से आए नागरिकों ने भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई, सामाजिक सुरक्षा और अन्य विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष प्रस्तुत कीं।

शिविर के दौरान सीएम हेल्पलाइन की लेवल-1, लेवल-2 एवं लेवल-3 की कुल 12 शिकायतों का संतुष्टिपूर्वक निराकरण कर उन्हें बंद कराया गया। वहीं जनसुनवाई में पहुंचे लगभग 64 फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए एसपी राजेश व्यास ने संबंधित थाना प्रभारियों को समयबद्ध कार्रवाई कर शिकायतों के निराकरण के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक श्री व्यास ने सभी राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनता से प्राप्त आवेदनों का समय पर, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि भूमि विवाद, पुलिस कार्रवाई से संबंधित मामलों और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से जुड़े प्रकरणों पर विशेष संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि थाना स्तर पर समय-समय पर जन शिकायत निवारण शिविर आयोजित कर लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान किया जाए, जिससे आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

जिला स्तरीय सीएम हेल्पलाइन शिकायत निवारण शिविर में नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, एसडीओपी जावद रोहित राठौर, एसडीओपी मनासा निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, शाखा प्रभारी एवं बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे।

Related Post