ताजासमाचार

सिंगोली हादसे के बाद नीमच में बड़ा एक्शन, जर्जर भवनों पर चला बुलडोजर 

डेस्क न्यूज़ 09 June, 2026 अन्य

नीमच | नीमच में बारिश के मौसम से पहले प्रशासन एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शहर में जर्जर और खंडहरनुमा भवनों से होने वाले संभावित हादसों को रोकने के लिए नगर पालिका ने ध्वस्तीकरण अभियान शुरू कर दिया है।

मंगलवार को पुराने कैंट थाने के सामने बेंड वाली गली में स्थित वर्षों पुराने एक जर्जर भवन को नगर पालिका की टीम ने मशीनों की मदद से धराशायी कर दिया। यह कार्रवाई हाल ही में सिंगोली में हुए दर्दनाक हादसे के बाद कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के निर्देश पर की जा रही है।

नगर पालिका सीएमओ दुर्गा बामनिया के निर्देशन में चल रहे इस अभियान का उद्देश्य ऐसे भवनों को हटाना है, जो बारिश के दौरान कभी भी गिरकर बड़ी जनहानि का कारण बन सकते हैं। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर, हेमंत सिसोदिया सहित अन्य कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

नगर पालिका अधिकारी टेकचंद बुनकर ने बताया कि शहर में चिन्हित जर्जर भवनों के मालिकों को कई बार नोटिस जारी किए गए थे। संबंधित भवन मालिकों को तीन से चार बार स्वयं भवन हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कार्रवाई नहीं होने पर नगर पालिका को ध्वस्तीकरण करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि पुराने कैंट थाना क्षेत्र में आर्य समाज मंदिर ट्रस्ट की भूमि पर बने लगभग 100 वर्ष पुराने जर्जर भवन के साथ ही ठक्कर बापा गंज क्षेत्र में स्थित इकबाल हुसैन के मकानों को भी तोड़ा गया है। नगर पालिका द्वारा कुल 12 भवन मालिकों को नोटिस जारी किए गए थे, जिनमें से फिलहाल तीन भवनों पर कार्रवाई की गई है।

नगर पालिका अधिकारियों के अनुसार आने वाले दिनों में अन्य चिन्हित जर्जर भवनों पर भी इसी प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन का मानना है कि बारिश के मौसम में ऐसे भवनों के गिरने का खतरा बढ़ जाता है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों की जान जोखिम में पड़ सकती है।

इसी खतरे को देखते हुए नगर पालिका ने शहरभर में सुरक्षा अभियान शुरू किया है, ताकि किसी भी संभावित हादसे को समय रहते रोका जा सके।

Related Post